मनरेगा, राशन व्यवस्था और शानन परियोजना पर कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल, जनता हर मोर्चे पर जवाब मांग रही है : भाजपा
शिमला। संजौली मंडल विधानसभा क्षेत्र शिमला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के उपरांत भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के निर्माण, जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता और सुशासन का विजन देश के सामने रख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
कर्ण नंदा ने कहा कि प्रदेश के समाचार पत्र स्वयं कांग्रेस सरकार की विफलताओं की गवाही दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई व्यवस्था के कारण प्रदेश सरकार स्वयं स्वीकार कर रही है कि हिमाचल पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका सीधा अर्थ है कि राज्य सरकार अपनी वित्तीय योजना और संसाधन प्रबंधन में पूरी तरह असफल रही है। यदि सरकार समय पर आवश्यक सुधार करती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। गरीब परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध नहीं हो रहा है, कई डिपो महीनों से आवश्यक खाद्य सामग्री से खाली पड़े हैं और लोगों को खुले बाजार से महंगे दामों पर सामान खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार गरीबों को राहत देने के दावे करती है, लेकिन धरातल पर जनता परेशान है।
कर्ण नंदा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शानन परियोजना पर दिए जा रहे बयान केवल राजनीतिक दिखावा हैं। यदि प्रदेश सरकार वास्तव में हिमाचल के हितों के प्रति गंभीर होती तो इतने वर्षों में इस विषय पर ठोस कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई दिखाई देती। आज प्रदेश के सामने वित्तीय संकट, बेरोजगारी, विकास कार्यों की धीमी गति और अव्यवस्था जैसे अनेक गंभीर प्रश्न खड़े हैं, लेकिन सरकार जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार कुप्रबंधन, अव्यवस्था और केवल घोषणाओं की राजनीति तक सीमित होकर रह गई है। जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझ चुकी है।
इस अवसर पर भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, मंडल कोषाध्यक्ष कमल सूद, मंडल कार्यकारिणी सचिव सुरेश शर्मा, मंडल प्रवक्ता गौरव सूद, वार्ड अध्यक्ष विजय शर्मा, पी.सी. राणा, तनवीर, प्रणय सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।



