*धर्मपुर, 18 जून।*
विकास खंड धर्मपुर में बुधवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान एवं परिचय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चन्द्रशेखर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। खंड विकास अधिकारी धर्मपुर ने मुख्य अतिथि का शॉल एवं हिमाचली टोपी भेंट कर स्वागत किया। विधायक चन्द्रशेखर ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका परिचय प्राप्त किया।
अपने संबोधन में विधायक चन्द्रशेखर ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप दूरदृष्टि एवं स्पष्ट कार्ययोजना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 15 जून को पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा जिला मुख्यालय में सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई है तथा आगामी 26 एवं 27 जून को वार्ड सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद पंचायतों का कार्य पूर्ण रूप से प्रारंभ हो जाएगा।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि गोशालाओं के निर्माण तथा पशुधन हानि पर दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि कर ग्रामीणों एवं पशुपालकों को राहत प्रदान की गई है।
इस अवसर पर विधायक ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को वन अधिकार समिति (एफआरसी) एवं वन अधिकार अधिनियम से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि जनप्रतिनिधि इनके प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई गति दे सकें।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य टिहरा वार्ड अनीता कुमारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसएचओ धर्मपुर, पंचायत निरीक्षक संजय पराशर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
धर्मपुर में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान एवं परिचय समारोह आयोजित*
Date:


