सिरमौर की बेटी कृतिका ने बढ़ाया मान: बिना कोचिंग JEE पास कर NIT से की सिविल इंजीनियरिंग
शिमला (देव शर्मा):
जिला सिरमौर की तहसील राजगढ़ के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव लेऊ नाना की होनहार बेटी कृतिका शर्मा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। कृतिका ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी-टेक की डिग्री प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। उनकी इस उपलब्धि से समूचे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।
बिना कोचिंग के हासिल किया मुकाम
कृतिका की सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने 10+2 के बाद बिना किसी बाहरी कोचिंग की सहायता के, केवल अपने आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के दम पर JEE Main जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण की और NIT में प्रवेश पाया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला कलियों पाव व लेऊ कूफर से हुई, जिसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजगढ़ से अपनी स्कूल की पढ़ाई पूरी की।
नौकरी से पहले उच्च शिक्षा को दी प्राथमिकता
कृतिका की काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बी-टेक के अंतिम सेमेस्टर के दौरान ही उनका चयन देश की एक प्रतिष्ठित कंपनी में हो गया था। हालांकि, उन्होंने वर्तमान में नौकरी जॉइन करने के बजाय उच्च शिक्षा (Higher Studies) को प्राथमिकता दी है, जो उनके भविष्य के प्रति स्पष्ट विजन को दर्शाता है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और प्रेरणा
कृतिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी, गुरुजनों और माता-पिता को दिया है। उनके पिता जयप्रकाश शर्मा और माता चंपा शर्मा दोनों शिक्षा विभाग में अध्यापक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। कृतिका के परिवार में शिक्षा और सेवा का गहरा जुड़ाव है; उनके एक चाचा हरि ओम प्रकाश इसरो (ISRO) में वैज्ञानिक हैं, जबकि दूसरे चाचा विजय प्रकाश पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात हैं।
“कृतिका की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।”
सिरमौर की बेटी कृतिका ने बढ़ाया मान:
Date:


