शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारतीय विधि संस्थान, हरिदेवी, घणाहट्टी के 110 छात्रों ने आज विधानसभा का दौरा किया। छात्रों ने सुबह 10:15 बजे विधानसभा सचिवालय पहुंचकर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही देखी।
मुलाकात के दौरान, छात्रों ने पठानिया से संसदीय प्रणाली, विधानसभा की कार्यप्रणाली, अध्यक्ष की भूमिका और सत्र संचालन जैसे विषयों पर कई सवाल पूछे। विधानसभा अध्यक्ष ने छात्रों के सभी प्रश्नों के विस्तार से जवाब दिए और उन्हें सदन में होने वाली कार्यवाही से भी अवगत कराया।
लोकतंत्र के प्रहरी हैं युवा: कुलदीप सिंह पठानिया
छात्रों के साथ बातचीत में पठानिया ने कहा कि हमारे देश में लोकतांत्रिक प्रणाली है और विधायक का चुनाव जनता सीधे अपने वोट से करती है। उन्होंने बताया कि भारत का संचालन संवैधानिक व्यवस्था के नियमों के अनुसार होता है और कानून बनाने का काम लोकसभा और विधानसभा का है।
पठानिया ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया के कई संविधानों का गहन अध्ययन करने के बाद भारतीय संविधान की रचना की। इसी संविधान के कारण आज 140 करोड़ भारतीय एकजुटता, आपसी सद्भाव और प्रेम से रह रहे हैं और देश की खुशहाली के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

अध्यक्ष ने छात्रों को देश के लोकतंत्र का भविष्य बताते हुए कहा कि वे अब लोकतंत्र के प्रहरी हैं और संसदीय प्रणाली को मजबूत करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्र राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान विभिन्न भूमिकाओं में दे सकते हैं, चाहे वह प्रशासनिक अधिकारी हो या जनप्रतिनिधि। पठानिया ने छात्रों को याद दिलाया कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से हमें आज़ादी मिली है, जहां हमारे पास अपनी चुनी हुई सरकार है और अपना संविधान भी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चुनने का अधिकार सीधे जनता के पास है और अगर जनता चाहे तो एक निश्चित अवधि के बाद अपने वोट से सरकार बदल सकती है। अंत में, पठानिया ने सभी छात्रों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा में भारतीय विधि संस्थान के 110 छात्रों ने देखी कार्यवाही, अध्यक्ष से की मुलाकात
Date:


