आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 13वें दिन में प्रवेश कर गया है । गुरुवार को जिला बिलासपुर प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी व प्राथमिक शिक्षक क्रमिक अनशन पर बैठ गए। इनमें नई पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष संजीव शर्मा प्राथमिक शिक्षक संघ जिला बिलासपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबू लाल भारद्वाज, जिला महालेखाकार बलबीर ठाकुर, शिक्षा खंड घुमारवीं द्वितीय के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केशव चंद, जिला कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, राज्य प्रतिनिधि जोगिंद्र सिंह शामिल हैं। क्रमिक अनशन में उनके साथ राज्य अध्यक्ष जगदीश शर्मा, राज्य महासचिव संजय पीसी, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, राज्य सहसचिव राकेश पटियाल, जिला बिलासपुर अध्यक्ष रमेश शर्मा, जिला कांगड़ा अध्यक्ष अनिल भाटिया, जिला सिरमौर अध्यक्ष कल्याण नेगी, जिला सिरमौर महासचिव लक्ष्मण नेगी, जिला बिलासपुर के सलाहकार यशवंत ठाकुर भी उपस्थित थे।
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के राज्य उपाध्यक्ष संजीव शर्मा ने क्रमिक अनशन पर अपना बयान जारी करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार और शिक्षा विभाग को प्राथमिक शिक्षक संघ की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाही करते हुए विस्तृत वार्ता करनी चाहिए और सभी समस्याओं का चर्चा से समाधान करना चाहिए। प्राथमिक शिक्षकों पर 26 अप्रैल को आयोजित धरना प्रदर्शन के बाद की गई प्रतिशोधात्मक कार्रवाही निलंबन व पुलिस एफआईआर को वापस लिया जाए। यह महात्मा गांधी का देश है ,जिसमें विरोध करना और आंदोलन करना संविधान में दिए गए अधिकारों में आता है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस देश में विरोध करने वालों का दमन करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूर्ण रूप से आलोक तांत्रिक और असांविधानिक है। इसे बिना विलंब वापस लिया जाए।


