आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
माैसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दाैर जारी है। जबकि मध्य व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई है। चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी, किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति, कांगड़ा व सिरमाैर जिले के ऊंचे इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। मनाली, अटल टनल रोहतांग, पांगी-भरमौर, शिमला के कुफरी व नारकंडा में भी बर्फबारी हुई। माैसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश में पूरा दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। अटल टनल से स्टे तेलिंग गांव में बर्फबारी के साथ बर्फीला तूफान भी चला। बर्फबारी से कुफरी-नारकंडा मार्ग पर फिसलन की वजह से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है।
चंबा में 10 मार्गों पर यातायात
चंबा जिला के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी और बारिश से जिले के 10 मार्गों पर यातायात ठप है। इस कारण अपने गंतव्य की ओर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग बंद पड़े मार्गों को बहाल करने के लिए जुट गया है। जिले में होने वाली बर्फबारी और बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरों पर रौनक लौटी है। किसानों-बागवानों में राकेश कुमार, संजीव कुमार, दिलीप कुमार, प्रमोद ने बताया कि सेब की पैदावार के लिए बर्फबारी और अत्यंत ठंडा मौसम अधिक अनिवार्य है। जिला के भरमौर, पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में पांच इंच, चंबा जोत मार्ग पर चार से छह इंच, लक्कड़मंडी, डैंनकुंड सहित पांगी की ऊपरी चोटियों में पांच से आठ इंच तक ताजा हिमपात हुआ है।
अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद
मनाली व आसपास के इलाकों में सुबह से ही बर्फबारी जारी है। सोलंगनाला और अटल टनल में भी जमकर बर्फबारी हुई है। ऐसे में अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। मनाली से पर्यटक वाहनों को सिर्फ नेहरूकुंड तक जाने दिया जा रहा है। इससे आगे सोलंगनाला तक सिर्फ फोर बाई फोर वाहन ही भेजे जा रहे हैं।
बारिश के कारण धर्मशाला में पुलिस कांस्टेबल की पहले दिन की भर्ती प्रक्रिया स्थगित
जिला कांगड़ा में गुरुवार से शुरू होने वाली प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया बारिश के चलते शुरू नहीं हो पाई। आज बारिश के कारण भर्ती प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा। अब 20 फरवरी को बुलाए गए अभ्यर्थियों को रिजर्व डे में 7 मार्च को बुलाया गया है। गुरुवार तड़के ही पुलिस मैदान के पास जिला भर से अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने को पहुंच गए थे। सुबह सात बजे प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन बारिश के कारण प्रक्रिया को शुरू ही नहीं किया जा सका। लगातार जारी बारिश के चलते पुलिस प्रशासन की ओर से भर्ती स्थगित करने का एलान किया गया। साथ ही अभ्यर्थियों को 7 मार्च को बुलाया गया। वहीं, शुक्रवार को मौसम साफ रहता है तो निर्धारित समय के अनुसार ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। उधर, एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि बारिश के चलते भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकी है। अभ्यर्थियों को 7 मार्च को बुलाया गया है।
इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी के आसार
माैसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी की मध्य रात्रि से 21 फरवरी की सुबह तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इस अवधि के दाैरान सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के शेष हिस्सों में कई हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 फरवरी के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिले में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21, 22 और 24 फरवरी को भी लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है जबकि 25 व 26 फरवरी को कई भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
कहां कितना बारिश-बर्फबारी
बीती रात को बैजनाथ में 9.1, गोहर 9.0, कटाैला 8.4, ओलिंडा और ऊना 8.0, कांगड़ा और गुलेर 7.8, पालमपुर 7.4, जोगिंदरनगर 7.0, सुंदरनगर और सेऊबाग 6.0, मनाली 5.0 व चौपाल में 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं शिलारू में 5.0, गोंदला 3.0, कल्पा1.3 व सांगला में 0.3 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।


