आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज रात से माैसम करवट बदल सकता है। हालांकि, सुबह से प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर धूप खिली रही। शिमला में भी धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 19 फरवरी की मध्य रात्रि से 21 फरवरी की सुबह तक प्रदेश में अंधड़, बिजली गिरने के साथ बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 20 फरवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई भागों में 25 फरवरी तक माैसम खराब बना रह सकता है। वहीं किन्नाैर जिला प्रशासन ने माैसम के अलर्ट को देखते हुए सभी नागरिकों और पर्यटकों को अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रैकिंग नहीं करने की एडजाजरी जारी की है। प्रशासन ने किसी प्रकार का जोखिम न उठाने, ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से परहेज करने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी के आसार
माैसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी की मध्य रात्रि से 21 फरवरी की सुबह तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इस अवधि के दाैरान सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू के शेष हिस्सों में कई स्थानों पर बिजली चमकने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 20 फरवरी के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21, 22 और 24 फरवरी को भी लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है जबकि 25 फरवरी को कई भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
तापमान में गिरावट की संभावना
20 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है और उसके बाद के तीन दिनों में लगभग 4-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 21 व 22 फरवरी को 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। 20 फरवरी को राज्य के निचले पहाड़ी-मैदानी क्षेत्रों और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.5, सुंदरनगर 4.7, भुंतर 4.0, कल्पा -1.0, धर्मशाला 5.7, ऊना 4.1, केलांग माइनस 6.3, पालमपुर 5.5, सोलन 4.2, मनाली 2.9, कांगड़ा 6.0, मंडी 5.5, बिलासपुर 4.3, चंबा 6.5, कुकुमसेरी -5.4, सेऊबाग 3.0, बरठीं 3.7, सराहन 5.5, ताबो में -7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
विंटर सीजन में सामान्य से 80 फीसदी कम बरसे बादल
माैजूदा विंटर सीजन के दाैरान 1 जनवरी से 19 फरवरी तक सामान्य से 80 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 149.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 29.7 मिलीमीटर बारिश ही हुई। बिलासपुर जिले में सामान्य से 93, चंबा 78, हमीरपुर 91, कांगड़ा 89, किन्नाैर 91, कुल्लू 67, लाहाैल-स्पीति 75, मंडी 77, शिमला 83, सिरमाैर 89, सोलन 89 व ऊना में 92 फीसदी कम बारिश हुई है।
लाहौल में बर्फ के बीच सैलानियों ने की मस्ती
उधर, अटल टनल रोहतांग होकर पर्यटक इन दिनों में लाहौल पहुंच रहे हैं। बुधवार को सैलानियों ने अटल टनल, तेलिंगनाला में बर्फ के बीच मस्ती की। हालांकि, सिस्सू कोकसर पंचायत में आजकल पर्यटन गतिविधियां बंद हैं। ऐसे में अटल टनल के आसपास ही सैलानियों का जमावड़ा लग रहा है। किन्नाैर जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा की स्थिति में तत्काल प्रभाव से जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 8580819827,9459457587, 01786223155, 51,52,53,54 और 1077 पर सूचित करने का आग्रह किया।


