आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले कई भागों में बर्फबारी के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह कई स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। शिमला सहित 12 स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। वहीं चार स्थानों पर माइनस में दर्ज किया गया है।
इस दिन से फिर बारिश-बर्फबारी के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के सभी भागों में 15 फरवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। आज व कल कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का येलो अलर्ट है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 16 से 19 फरवरी तक राज्य के कई भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि बुधवार को 6.0 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह सुंदरगनर में 4.8, भुंतर 3.0, कल्पा -3.2, धर्मशाला 5.2, ऊना 1.2, नाहन 7.2, केलांग -7.6, सोलन 4.4, मनाली 1.7, कांगड़ा 4.9, मंडी 5.9, बिलासपुर 4.0, चंबा 4.7, डलहाैजी 7.3, जुब्बड़हट्टी 6.5, कुकुमसेरी -5.1, भरमाैर 1.2, सेऊबाग 2.0, धाैलाकुआं 5.0, बरठीं 2.6, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 3.5 व ताबो में -9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
लाहाैल में सड़क पर ब्लैक आइस से वाहनों के फिसलने का खतरा
उधर, लाहौल और रोहतांग समेत चोटियों पर बुधवार को हुई ताजा बर्फबारी से छोटे वाहनों के लिए अटल टनल रोहतांग बंद हो गई। 10 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने के बाद सड़क पर ब्लैक आइस होने से वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं लाहौल घाटी में बुधवार दोपहर बाद शाम के समय लाहौल के गोंधला गांव के समाने पीर पंजाल की चोटी से हिमस्खलन हुआ । पहाड़ी से हिमस्खलन का एक बड़ा हिस्सा टूट कर चंद्रा नदी तक पहुंचा। हिमस्खलन से उठा बर्फीला तूफान गोंधला पंचायत के कई गांव तक पहुंचा। इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
अधिकतम तापमान
बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.6, बिलासपुर में 24.9, कांगड़ा में 24.1, नाहन में 23.9, मंडी में 21.9, सोलन में 22.0, चंबा में 21.1, धर्मशाला में 19.0, शिमला में 15.2 और मनाली में 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


