आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के दुर्गम एवं दूर-दराज़ क्षेत्र पिन वैली सहित इस वैली के अंतिम गांव मुद भी अब भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की 4जी सेवा से जुड़ गया है। अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति राहुल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिन वैली में बीएसएनएल का 4जी सिग्नल पहुंचने से इस क्षेत्र के लोग भी अब प्रदेश सहित देश-दुनिया से जुड़ गए हैं। बीएसएनएल की हाई स्पीड 4जी नेटवर्क पहुंचने से जहां पिन वैली के मुद ग्रामवासियों सहित पूरे पिन वैली के लोगों में खुशी की लहर है वहीं प्रदेश सरकार का भी क्षेत्र के लोगों ने विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।उन्होंने बताया कि स्पीति के पिन वैली क्षेत्र में आज तक 4जी सेवा नहीं होने से पिन वैली के लोगों की हमेशा मांग रही है कि उन्हें भी 4जी सेवा प्रदान की जाए। लेकिन 4G संतृप्ति परियोजना के तहत अब स्पीति क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा लगभग 30 टावर स्थापित किए हैं ताकि स्पीति घाटी के दुर्गम एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले ग्राम वासियों व लोगों को भी आने वाले दिनों में 4जी सेवा प्रदान की सके। उन्होंने बताया कि भारत संचार निगम लिमिटेड बीएसएनएल के सहयोग एवं निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिन-रात कार्य कर स्पीति क्षेत्र में 4जी सेवा पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।


