आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। ताबो का न्यूनतम तापमान इस सर्दी के सीजन में पहली बार-10.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। तीन अन्य स्थानों का न्यूनतम पारा भी माइनस में चल रहा है। शिमला के न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को यह 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस दिन से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 नवंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 29 नवंबर व 2 दिसंबर को इन क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। उधर, बिलासपुर और सुंदरनगर क्षेत्र सुबह-शाम 28 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 7.4, सुंदरनगर 5.3, भुंतर 3.1, कल्पा 0.2, धर्मशाला 8.6, ऊना 6.5, नाहन 10.4, केलांग -3.6, पालमपुर 5.5, सोलन 4.1, मनाली 2.0, कांगड़ा 7.0, मंडी 6.2, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 6.8, चंबा 6.9, डलहाैजी 6.1, कुफरी 3.5, कुकुमसेरी -5.6, नारकंडा 2.8, भरमाैर 4.5, रिकांगपिओ 2.0, सियोबाग 2.5, बरठीं 5.8, समदो -1.5, कसाैली 8.5, सराहन 8.1, ताबो -10.4 व बजाैरा में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नवंबर में सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश
राज्य में नवंबर में सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के दाैरान बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नाैर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमाैर, सोलन व ऊना जिले में सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। जबकि लाहाैल-स्पीति जिले में सामान्य से 96 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि के लिए प्रदेश में15 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 0.2 मिमी बारिश ही हुई।


