आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी के विकास को लेकर भाजपा पर करारा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार के समय मंडी के विकास के नाम पर पूरा बजट सराज में खर्च करने की बात कही है, जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों से सौतेले व्यवहार के आरोप उन्होंने लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार मंडी के विकास को लेकर कदम उठाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में मंडी जिला के वरिष्ठ नेताओं के साथ विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल नेरचौक में प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगी। इस अस्पताल में जल्द ही एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी, ताकि यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और राज्य सरकार की सभी विकासात्मक योजनाओं का लाभ जिला के लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं कार्यन्वित कर रही है और मंडी जिला के नेता इन योजनाओं को लोगों के बीच ले जाएंगे। बैठक में विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह एवं प्रकाश चौधरी, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, पूर्व विधायक सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चंपा ठाकुर, लाल सिंह कौशल, नरेश चौहान, पवन ठाकुर, एडवोकेट जीवन ठाकुर, चेत राम ठाकुर और महेश राज उपस्थित थेे।
जनता को सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के अलग-अलग मंडल बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विधवाओं के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने के लिए मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना शुरू की है और सभी नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी सयोजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में सभी नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की प्राथमिकताएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं और उन्हें अगले वित्तीय वर्ष के बजट में इन्हें शामिल करने का आग्रह किया। नता को सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं


