आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला कारागार कैथू में शनिवार दोपहर दो विचाराधीन कैदी कंबल को लेकर आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक कैदी घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार दोनों बंदी एक ही बैरक में बंद थे। दोपहर 12:00 बजे के बाद जब बंदियों को बैरक में ले जाया जा रहा था, उसी समय ध्रुव ने गौरव सिंह पर हमला कर दिया। इससे गौरव की दाहिनी आंख पर चोट आई है। इसके बाद घायल कैदी को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया है। पुलिस थाना बालूगंज को भी इस बारे में सूचित किया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना से जांच अधिकारी आईजीएमसी शिमला के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि यह दोनों ही बंदी चिट्टे के केस में अंडर ट्रायल हैं। ध्रुव 28 अक्तूबर 2024 से जिला कारागार कैथू में बंद है। जबकि गौरव सिंह 20 अगस्त 2024 से कैथू जेल में हैं।


