नॉर्थ जोन काउंसिल की तैयारियों को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक 21 को चंडीगढ़ में
आवाज जनादेश /न्यूज ब्यूरो शिमला
केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली नॉर्थ जोन काउंसिल की बैठक में हिमाचल पड़ोसी राज्यों के साथ उलझे हुए मामलों को उठाएगा। हिमाचल के जम्मू कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के साथ कई मामले चल रहे हैं। इसमें दो राज्यों के साथ बार्डर विवाद भी है। नदियों के पानी के इस्तेमाल से लेकर औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में सडक़ का मामला भी अभी लंबित है। दरअसल, नॉर्थ जोन काउंसिल की मेजबानी इस बार हरियाणा के पास है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस काउंसिल की बैठक चंडीगढ़ में बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने करनी थी, लेकिन हरियाणा चुनाव के कारण इसे टाल दिया गया था। अब अमित शाह की अध्यक्षता वाली बैठक तय नहीं हुई है, लेकिन इस बैठक की तैयारी को लेकर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक 21 अक्तूबर को चंडीगढ़ में होने वाली है। इसमें नॉर्थ जोन काउंसिल बैठक की रूपरेखा तय होगी।
मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने गुरुवार को इस बैठक की तैयारी को लेकर अपने प्रशासनिक सचिवों के साथ चर्चा की। बैठक के लिए हिमाचल का क्या एजेंडा होना चाहिए, इस बारे में चर्चा चल रही है। उत्तरी राज्यों के मुख्य सचिव चंडीगढ़ में होने वाली इस बैठक में हिस्सा लेंगे और केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के लिए कॉमन एजेंडा तय करेंगे।
कुलपति तय करने को भी चंडीगढ़ में होगी बैठक
हिमाचल के विश्वविद्यालयों के कुलपति तय करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली सर्च कमेटी चंडीगढ़ में बैठक करेगी। यह बैठक 22 अक्तूबर को रखी गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्यपाल की ओर से तय किए गए मेंबर भी भाग लेंगे। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति को लेकर चर्चा हो सकती है। राज्य सरकार 22 अक्तूबर को कैबिनेट की बैठक भी बुलाने की तैयारी कर रही है, इसलिए यह तारीख बदली भी जा सकती है।
पड़ोसियों से उलझे मसले उठाएगा हिमाचल
Date:


