हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोले मुख्यमंत्री सुक्खू
आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हरियाणा के चुनाव पर हिमाचल के फैसलों का कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि जिन दो सीटों पर उन्होंने प्रचार किया उनमें कांग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष झूठ के सबसे बड़े सौदागर हैं। उन्होंने झूठ बोलने की पीएचडी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का नाम बदलकर ‘बड़ी झूठी पार्टी’ रख देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कभी खेल, तो कभी टायलेट टैक्स की बात करते हैं, जबकि हिमाचल में 75 लाख लोग रहते हैं और किसी से टायलेट का बिल नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी इस बात को बोलते हैं। प्रधानमंत्री को जो फीडबैक देते हैं, उन्हें भी सोचने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन का काम कर रही है। यदि राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होती, तो ऐसी व्यवस्था नहीं होती। हिमाचल के हित में फैसले लेने का काम जारी रहेगा।


