भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते नागडुम में गिरे फाहे
आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
गत कुछ दिनों से किन्नौर जिला के अधिकांश क्षेत्रों में हो रही बारिश के बीच गुरुवार को ऊंची पहाडिय़ों पर बर्फबारी का भी दौर शुरू हो गया है। किन्नौर में मौसम में आए इस बदलाव से ठंड में भी भारी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। सितंबर महीने में ही लोगों को गर्म वस्त्रों में लिपटे देखे जा रहे हंै। बता दें कि गुरुवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित अधिकांश क्षेत्रों में पूरा दिन बारिश का दौर देखा गया, इसी बीच ऊंची पहाडिय़ों पर बर्फ गिरने का भी दौर शुरू हो गया। भारत-चीन अंतराष्ट्रीय सीमाओं से लगते नागडुम बॉर्डर पर भी बर्फ गिरने की घटना देखी गई।
बॉर्डर पर तैनात आर्मी के जवानों ने समय से पूर्व हुई इस बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। इन दिनों किन्नौर जिला के आबादी वाले इलाको में भारी बारिश होने से सेब उत्पादकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि किन्नौर के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से तैयार सेब की फसल को मंडियों में ले जाने का क्रम जारी है। ऐसे मौसम में सेब उत्पादकों को अपनी फसल को मंडियों तक ले जाने में खासी असुविधाएं हो रही हैं। जिला के निगुलसरी, नाथपा आदि कई स्थानों पर पहाडिय़ों से चट्टानों के गिरने से सडक़ मार्ग भी अवरुद्ध हो रहा है।


