आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में आज हिंदूवादी संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे देखते हुए क्षेत्र में बुधवार सुबह 7:00 से रात 11:59 बजे तक धारा 163 (पहले 144) लगा दी है। संजौली चौक पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के पूर्व महामंत्री कमल गौतम समेत अन्य लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया है।
ढली सब्जी मंडी के पास नारेबाजी
ढली सब्जी मंडी के पास नारेबाजी शुरू हो गई है। यहां 200 से ज्यादा लोग जमा हो गए हैं। यह सभी संजौली मस्जिद क्षेत्र की ओर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं। मौके पर पुलिस तैनात है। इनकी मूवमेंट को देखते हुए ढली की दोनों टनल भी आवाजाही के लिए बंद कर दी गई हैं। डीसी शिमला के खिलाफ भी लोगों ने नारेबाजी की।
सिविल सोसाइटी के लोग भी पहुंचे संजाैली चाैक, नारेबाजी, पुलिस ने खदेड़ा
सिविल सोसाइटी के लोग संजौली चौक पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू की। सिविल सोसाइटी के सदस्य हरिदत्त ने कहा सरकारों के सामने मस्जिद में अवैध निर्माण कैसे होता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी संख्या में अवैध रूप से प्रवासी पहुंच रहे हैं। हिमाचल डेमोग्राफी बदलने की कोशिश है। सोलन और बिलासपुर से भी लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं। हालांकि, पुलिस ने सभी को खदेड़ दिया है। ढली टनल को पैदल व वाहनों दोनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है ।
ढली सब्जी मंडी के पास लोगों की भीड़, संजाैली में दुकानें बंद
ढली सब्जी मंडी के पास लोगों का भीड़ इकट्ठा हो गई है। यहां नारेबाजी हो रही है। लोग संजौली में मस्जिद क्षेत्र की ओर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, संजौली बाजार में कई कारोबारियों में दुकानें बंद कर दी हैं। सभी सब्जी मंडी की ओर रवाना होना शुरू हो गए हैं। संजौली चौक में पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच नवबहार मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गई हैं।
पुलिस ने कमल गौतम समेत उनके समर्थकों को माैके से खदेड़ा
नारेबाजी के बीच माहाैल तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने कमल गौतम समेत उनके समर्थकों को माैके से खदेड़ दिया। संजौली चौक में भारी पुलिस बल तैनात है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कमल गौतम ने कहा सरकार हिंदुओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। संजौली बाजार में दुकानों को भी बंद करवाया गया है।


