हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस पठानकोट के मामून कैंट के पास हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा शुक्रवार देर रात 3 बजे के करीब पेश आया है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी खर्जिजां जिला कांगड़ा के तौर पर हुई है। वहीं, हादसे में बच्चे सहित 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ज्यादातर लोग चंबा के रहने वाले हैं। वहीं तीन घायल बिहार और दो अमृतसर के हैं।
जानकारी के अनुसार चंबा से अमृतसर जा रही बस मामून कैंट के पास अनियंत्रत होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 41 यात्री मौजूद थे। इनमें से एक यात्री की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मामून कैंट थाना पुलिस टीममौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के मदद से अलग-अलग अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


