2 अक्टूबर तक चलेगी वोटिंग
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश में भी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद सहित अन्य पदों के लिए वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अलावा सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया गया है। ढालपुर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस के जोनल इंचार्ज नवदीप हुड्डा ने बताया कि यह प्रक्रिया 2 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी और ऑनलाइन माध्यम से ही इसमें वोटिंग की जा सकती है। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस का सदस्य बनने के लिए युवा की उम्र 18 साल से 35 साल तक होनी चाहिए और यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी। ऐसे में युवा कांग्रेस द्वारा ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से ही जिला व ब्लाक की कार्यकारिणियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी युवा कांग्रेस का सदस्य बनना चाहता है वह ऑनलाइन माध्यम से सदस्य बन सकता है और वोटिंग प्रक्रिया में भी भाग ले सकता है। 2 अक्टूबर शाम 5 बजे तक यह वोटिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद वोटिंग के माध्यम से ही सभी अध्यक्षों का चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा।


