आवाज़ जनादेश मंडी, 01 अगस्त : उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा मंडी जिले के शहरी क्षेत्रों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 793 मामले स्वीकृत किए गए हैं। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत वर्ष 2022 तक ‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी पात्र परिवारों, लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने गुरुवार को यहां विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिले के सभी नगर निकायों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक के उपरांत यह जानकारी दी।
बैठक में नगर परिषद मंडी, सुन्दरनगर, नेर चौक के अतिरिक्त नगर पंचायत रिवालसर और जोगिन्द्रनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) व कचरा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा जिले में विभिन्न नगर निकायों में 878 शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इनमें से 409 शौचालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने शेष कार्य को गति देने के निर्देश दिए। इसके अलावा सम्बन्धित अधिकारियों को ठोस व तरल कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत बनाने को कहा। निर्देश दिए कि कचरा एकत्रण में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए और सूखे व गीले कूड़े को अलग-अलग ही एकत्रित किया जाए ताकि उसका सही ढंग से निष्पादन हो सके।
उन्होंने जन प्रतिनिधियों से लोगों को गीले और सूखे कूड़े को घरों पर अलग-अलग रखने को लेकर जागरूक करने में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
पीएम आवास योजना में 793 मामले स्वीकृत
Date:


