वनों को रोजगार का साधन बनाने का किया जा रहा प्रयास : किशन कपूर

Date:

वानिकी क्षेत्र के लिए इस वर्ष 651 करोड़ का प्रावधान

धर्मशाला, 14 जुलाई : खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश में वन संरक्षण पर बल देते हुए वनों को रोजगार और आजीविका का साधन बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस उद्देश्य से अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। इसके लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 651 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
किशन कपूर आज धर्मशाला के समीप चोहला गांव में वन विभाग द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए बोल रहे थे।इस मौके उन्होंने स्वयं देवदार का पौधा लगाया। उनके साथ साथ गांव के लोगों और अधिकारियों ने भी देवदार और बान के पौधे लगाए।
किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश में वन समृद्धि जन समृद्धि योजना शुरू की गई है, इसके जरिये लोगों को जड़ी बूटी इकट्ठा करने, प्रसंस्करण और विपणन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा पौधरोपण एवं उनके संरक्षण में समुदाय की भागीदारी तय बनाने के लिए प्रदेश में सामुदायिक वन संवर्धन योजना आरंभ की जा रही है। इस योजना के तहत युवक व महिला मंडलों को पौधरोपण के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसी प्रकार स्कूली बच्चों को वन संरक्षण के अभियान से जोड़ने के लिए विद्यार्थी वन मित्र योजना शुरू की जा रही है।इस योजना के तहत स्कूलों को भी भूखंड आवंटित किए जाएंगे। आवंटित भूखंड में स्कूली बच्चे पौधारोपण कर साल भर उनकी देखभाल भी करेंगे।
प्रदेश में 3 दिन में लगाए 15 लाख पौधे
किशन कपूर ने कहा कि 12 से 14 जुलाई तक चले विशेष पोधारोपण अभियान  के तहत प्रदेशभर में करीब 15 लाख पौधे लगाए गए हैं। अभियान में साढ़े 17 हजार लोगों ने भाग लिया। इस अभियान के तहत जिला काँगड़ा में 152 हेक्टयर भूमि पर लगभग 1,30,000 पौधे लगाए गए हैं। धर्मशाला वन वृत में इस वर्ष 700 हेक्टेयर भूमि पर लगभग 6.50 लाख पौधे लगाएं जाएंगे।
वन संरक्षण को बनाएं जन आंदोलन 
किशन कपूर ने लोगों से वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में पौधरोपण अभियान के तहत देवदार और बान के पौधे लगाए जाएंगे। इससे पर्यावरण का संरक्षण तो होगा ही, भूमि कटाव भी रूकेगा और क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी। इससे पर्यटन में भी इजाफा होगा।उन्होंने लोगों से लगाए गए पोधों के संरक्षण का ख्याल रखने का आग्रह किया।
पर्यावरण मित्र परिवहन सेवा और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए प्रदेश में पर्यावरण मित्र परिवहन सेवा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस उद्देश्य से प्रदेश में 50 इलेक्ट्रिªªक टैक्सियां और 25 इलेक्ट्रिªªक बसें चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हाल ही में शिमला शहर के ग्रिड से जुड़े पहले 35 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारम्भ किया है। यह सयंत्र पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्यागिकी विभाग के भवन की छत पर स्थापित किया गया है।
वन संरक्षण के लिए भाजपा सरकारों ने उठाए हैं ठोस कदम
किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश में जब जब भाजपा सरकार रही है, वनों के संरक्षण और इन्हें जीविका कमाने का साधन बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में 1990 में वन लगाओ रोजी कमाओ अभियान आरंभ किया गया था।उस अवधि में जो पौधे लगाए गए वे आज घने जंगल का रूप ले चुके हैं। इससे प्रदेश में वन संवर्धन को बड़ा बल मिला है। इसी प्रकार 2008 में प्रो. प्रेम कुमार धूमल की सरकार ने जन-जन संजीवनी अभियान छेड़ा था। उस समय जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश के वन मंत्री थे। इसके तहत हर घर में औषधीय पौधे दिए गए थे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान सरकार वन संरक्षण, संवर्धन और इन्हें पर्यटन व अन्य रोजगार गतिविधियों से जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
इस मौके अरण्यपाल डी.आर कौशल ने खाद्य आपूर्ति मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए इस तीन दिवसीय अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके तहत स्थानीय लोगों की सहभागिता से पौधारोपण पर बल दिया गया है।
जिला वन मंडल अधिकारी प्रदीप भारद्वाज ने खाद्य आपूर्ति मंत्री का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों का संरक्षण तय बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा, उप प्रधान चोहला ओम प्रकाश, पार्टी के अनुसूचित जनजाति के मंडल अध्यक्ष सुभाष चडलू,सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र पठानिया, महामंत्री विजय शर्मा एवं सभ्रवाल, विपिन नैहरिया सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related