साहब खान
छछरौली।
हाल ही में कमिश्नर अंबाला संजीव वर्मा ने किया था निरीक्षण
आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए सोम नदी एवं उससे सटे क्षेत्रों में बाढ़ राहत कार्य तेज गति से शुरू कर दिए गए हैं। नदी और आसपास की पटड़ियों के किनारों पर पत्थरों की पेंचिंग सहित अन्य सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान कटाव और बाढ़ की संभावित स्थिति से ग्रामीणों को राहत मिल सके।
जिला उपायुक्त प्रीति ने बताया कि बाढ़ राहत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे बरसात से पहले सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी हो सकें।
गौरतलब है कि हाल ही में अंबाला मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा ने छछरौली क्षेत्र के सोम नदी से सटे खानूवाला, चिंतपुर, भंमनौली, तिहानों, मलिकपुर बांगर समेत दर्जनों गांवों में चल रहे बाढ़ राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं, ताकि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद सिंचाई विभाग ने आवश्यक पत्थरों और अन्य निर्माण सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी ला दी है।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन राहिल सैनी ने बताया कि आयुक्त संजीव वर्मा एवं जिला उपायुक्त प्रीति के निर्देशानुसार सोम नदी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चल रहे सभी बाढ़ राहत कार्य 30 जून तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सोम नदी पर बाढ़ राहत कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य
Date:


