पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर धर्मपुर प्रशासन द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी कड़ी में जिलापरिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों के लिए तैयार किए जा रहे बैलेट पेपरों का लेखन कार्य तेजी से जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में चल रहे इस कार्य को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह पूरा कार्य वीरवार दोपहर तक संपन्न कर लिया जाएगा।
रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल की देखरेख में बैलेट पेपर लेखन कार्य निरंतर जारी है। वहीं पंचायत निरीक्षक संजय पराशर की मौजूदगी में कर्मचारियों द्वारा सभी चुनावी वर्गों के बैलेट पेपरों की जांच व लेखन कार्य को सावधानीपूर्वक पूरा किया जा रहा है।
बीडीओ धर्मपुर बालम राम ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनावों के लिए जिलापरिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों हेतु उपयोग किए जाने वाले बैलेट पेपरों का लेखन कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पूरे कार्य को पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ पूरा किया जा रहा है ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी सामने न आए।
उन्होंने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो दिनभर बैलेट पेपरों की तैयारी में जुटी हुई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित समय के भीतर सभी बैलेट पेपर तैयार कर संबंधित मतदान केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाए जा सकें।
धर्मपुर क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी लगातार तेज होती जा रही हैं। प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं, वहीं प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए हर स्तर पर तैयारियों में लगा हुआ है।


