धर्मपुर (मंडी),
धर्मपुर खंड में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में आज बैलेट पेपर लेखन का महत्वपूर्ण कार्य रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
यह कार्य राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के सभागार में आयोजित किया गया, जहां ग्राम पंचायतों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लिए बैलेट पेपर तैयार किए। इन बैलेट पेपर्स में ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल किए जा रहे हैं।
800 अधिकारियों-कर्मचारियों ने निभाई जिम्मेदारी
इस बड़े प्रशासनिक कार्य में लगभग 800 चुनावी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली देखने को मिली।
रिटर्निंग अधिकारी जोगिंदर पटियाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
निष्पक्ष चुनाव पर दिया गया जोर
उन्होंने स्पष्ट कहा कि
“चुनाव प्रक्रिया में लगे हर अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी को पूर्ण जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।”







