धर्मपुर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश 1 जून से 19 जून 2026 तक

Date:

धर्मपुर (मंडी)
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में 1 जून से 19 जून 2026 तक सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ की जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे प्रवेश लेने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को समय, धन एवं अनावश्यक यात्रा की असुविधा से राहत मिलेगी।
इस वर्ष से प्रदेश सरकार द्वारा प्रथम वर्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रथम वर्ष से ही सेमेस्टर प्रणाली प्रभावी होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विषयों के चयन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इसके तहत सभी छात्र- छात्राओं को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट के साथ-साथ ऐकडेमिक बैंक ऑफ़ क्रेडिट की सुबिधा भी मिलेगी।
धर्मपुर महाविद्यालय में वर्तमान में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों में स्नातक स्तर की शिक्षा संचालित की जा रही है। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि गत शैक्षणिक सत्र से अंग्रेज़ी विषय में एम.ए. की कक्षाएँ भी सफलतापूर्वक आरम्भ हो चुकी हैं। साथ ही महाविद्यालय प्रशासन को पूर्ण आशा है कि राजनीतिक शास्त्र विषय में एम.ए. की कक्षाएँ आरम्भ करने हेतु सरकार से शीघ्र ही अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो जाएगा। इसके प्रारम्भ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों ख़ास कर बेटियों को स्नातकोत्तर शिक्षा हेतु दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश धलारिया ने बताया कि यह संस्थान राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से ‘बी’ ग्रेड प्राप्त एक प्रतिष्ठित एवं मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान है। महाविद्यालय में लगभग सभी विषयों के योग्य, अनुभवी एवं समर्पित प्राध्यापक उपलब्ध हैं, जो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर महाविद्यालय उपमण्डल के ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का एक सशक्त एवं सुलभ माध्यम बनकर उभरा है। यह संस्थान केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों तथा खेल प्रतिभा के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। महाविद्यालय में समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान, सूचना प्रौद्योगिकी सुविधाएँ तथा सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु आवश्यक संसाधन एवं अवसर उपलब्ध हैं।
पिछले कुछ वर्षों में इस महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त अनेक छात्र-छात्राएँ प्रदेश एवं देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि अनेक विद्यार्थी सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। यह उपलब्धियाँ इस संस्थान की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं।
अंत में प्राचार्य डॉ. रमेश धलारिया ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा, “आपके घर द्वार पर स्थित यह महाविद्यालय आपके बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहा है। अतः अभिभावक अपने बच्चों को इस संस्थान में प्रवेश दिलाकर उनके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

मकान मालिक की अनुमति बिना घरों पर पोस्टर न लगाएं उम्मीदवार : निर्वाचन अधिकारी

चुनावी प्रचार में आचार संहिता का पालन करें, सौहार्दपूर्ण...