कला और वाणिज्य संकाय में छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन, शिक्षकों व अभिभावकों में खुशी की लहर
आनी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी का 10+2 परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।कला संकाय में स्नेहा कुमारी ने 440 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कृतिका कश्यप एवं रिया कुमारी ने 415 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रेखा ने 411 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
वहीं वाणिज्य संकाय में प्रिया कुमारी ने 347 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपने संकाय में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जवाहर ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष चमन शर्मा सहित समस्त अध्यापक वर्ग और एसएमसी कार्यकारिणी सदस्यों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन ने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।






