आवाज जनादेश न्यूज ब्यूरो काज़ा/ सी० चीला नेगी
पशुपालन विभाग द्वारा उप-मंडल काज़ा में मल्टीटास्क कार्यकर्ता (पशुपालन) पशु मित्र के दो पद भरे जाएंगे। यह जानकारी कार्यकारी सहायक निदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन काज़ा डॉ. अनुराधा चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि इनमें से एक पद उपमंडलीय पशु चिकित्सालय काज़ा तथा एक पद पशु चिकित्सालय सगनम में भरा जाएगा। इन पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्र पर अपना आवेदन उपमंडल पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय काज़ा में 7 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे तक जमा कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त अथवा अधूरे आवेदनों को बिना किसी सूचना के अस्वीकार कर दिया जाएगा।
डॉ. चौहान ने बताया कि आवेदक का हिमाचल प्रदेश के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल/संस्थान से 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही पशुपालन गतिविधियों का ज्ञान तथा हिमाचल प्रदेश की रीति-रिवाज, तौर-तरीकों और स्थानीय बोलियों की जानकारी होना आवश्यक है। आवेदनकर्ता की आयु अंतिम तिथि तक 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन के साथ स्थानीय ग्राम पंचायत का पहचान प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र (शैक्षणिक योग्यता व आयु प्रमाण के लिए) या जन्म प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (एसडीएम/तहसीलदार/नायब तहसीलदार द्वारा जारी) संलग्न करना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त जाति प्रमाण पत्र, विधवा/तलाकशुदा/बेसहारा/एकल महिला प्रमाण पत्र, एक हेक्टेयर से कम भूमि वाले भूमिहीन परिवार का प्रमाण पत्र, बेरोजगारी प्रमाण पत्र, एनसीसी/एनएसएस/स्काउट्स एंड गाइड्स प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता का प्रमाण पत्र तथा पशुपालन गतिविधियों का अनुभव (यदि कोई हो) सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी संलग्न किए जा सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार कार्यकारी सहायक निदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन काज़ा डॉ. अनुराधा चौहान (मोबाइल: 8219249630) अथवा वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी (मोबाइल: 7876102153) से संपर्क कर सकते हैं।


