दैनिक आवाज जनादेश/ यमुनानगर संवाददाता
जन्माष्टमी के दिन शनिवार सुबह लगभग 6 बजे श्री कालेश्वर महादेव मठ कलेसर में निर्माण अधीन लगभग 150 फुट ऊंचे नवग्रह मंदिर के ऊपर आसमानी बिजली गिर गई जिससे मंदिर को काफी नुकसान हो गया। इसके साथ-साथ मंदिर के अन्य बिजली उपकरण भी खराब हो गए। जानकारी देते हुए मंदिर के पंडित सुरेंद्र दत्त गैरोला ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन सुबह लगभग 5 बजे तेज धमाके के साथ आसमानी बिजली कड़की कुछ देर बाद बाहर निकल कर देखा तो नवग्रह मंदिर की रिपेयर का कार्य चल रहा था जिससे काफी नुकसान हो गया। बिजली गिरने से मंदिर के आसपास काफी मात्रा में मलवा बिखर गया। इसके साथ-साथ मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे, वाईफाई और बिजली के अन्य उपकरण भी खराब हो गए। उन्होंने बताया कि आसमानी बिजली गिरने से हुए नुकसान का आंकलन लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर रोज सुबह मंदिर में 6 बजे आरती की तैयारी की जा रही थी।
मंदिर के महंत स्वामी शांतानंद ने बताया कि ये भगवान की इच्छा है की मंदिर को और अधिक सुनियोजित ढंग से दोबारा बनाया जाय। उन्होंने कहा की मंदिर की हालत भी काफी खस्ता हो गई थी जिसके चलते यहां पर रिपेयर का कार्य चल रहा था और सुबह लगभग 6 बजे आसमानी बिजली गिरी जिससे मंदिर को काफी नुकसान हुआ।
मंदिर के साथ लगते वन विभाग के दरोगा जसवंत ने बताया कि सुबह लगभग 6 बजे जब आसमानी बिजली कड़की तो उन्होंने बाहर निकलकर देखा कि कहीं सड़क पर कोई पेड़ या वाहन ना टकरा गया हो। इससे कई कर्मचारी और भी बाहर निकल गए। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद पता चला कि मंदिर परिसर में आसमानी बिजली गिर गई जिससे नवग्रह मंदिर को काफी नुकसान हो गया।


