आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दिन को बारिश के बाद पंजाब की टीम ने रात को लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में रनों की बरसात कर दी। स्टेडियम में पंजाब किंग्स की टीम ने अपने होम ग्राउंड में अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। पंजाब की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 236 रन बनाए। इससे पहले इस मैदान पर आरसीबी ने पंजाब के खिलाफ पिछले आईपीएल के मुकाबले में 241 रन बनाए थे। हालांकि, पंजाब की टीम को मैच के शुरुआत में ही दो झटके लगे। शुरुआती झटकों से उभरते हुए पंजाब किंग्स की टीम के खिलाड़ियों ने धुआंधार बल्लेबाजी की। ओपनर बल्लेबाज प्रभसिमरन का बल्लेबाजी के दौरान पूरा स्टेडियम गूंजता रहा। इधर, लखनऊ सुपर जायंट्स के आकाश महाराज सिंह ने अपने पहले ही मैच में चमके। आकाश ने अपने पहले ही ओवर में जहां पंजाब किंग्स के ओपनर प्रियांश आर्या को आउट किया। वहीं जोश इंग्लिश को दूसरा शिकार बनाया। आकाश महाराज ने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
एचपीसीए की पूजा-अर्चना को इंद्रूनाग का आशीर्वाद, माैसम ने दिया साथ
धर्मशाला में आईपीएल मुकाबले से पहले दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। इससे दर्शकों में असमंजस रहा कि कहीं मैच बारिश में न धुल जाए। सुबह धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। ऐसे में दर्शकों के चेहरे मुरझाए रहे। 11 बजे के बाद मौसम साफ हो गया और दर्शकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, शाम के समय फिर से आसमान में बादल छाने लगे तो दर्शकों के चेहरे उतर गए। एचपीसीए ने मुकाबले से पहले ही बारिश के देवता इंदूनाग की पूजा-अर्चना कर ली थी। ऐसे में मौसम साफ हो गया। कुछ क्रिकेट प्रेमी तो एक दिन पहले धर्मशाला पहुंच चुके थे। जो दर्शक सुबह धर्मशाला के लिए निकले, वह बार-बार धर्मशाला के मौसम को गूगल पर देखते रहे।
प्रभसिमरन ने 91 रन की पारी से दर्शकों का किया मनोरंजन
पंजाब किंग्स के ओपनर बल्लेबाज प्रभसिमरन 5.3 ओवर में जीवनदान मिला। आकाश की गेंद पर निकोलस पूरन ने उनका कैच छोड़ दिया। प्रभसिम ने मिले जीवनदान को पूरा फायदा उठाया और उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए जहां 30 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए, वहीं उन्होंने टीम के लिए 91 रन की पारी खेली। प्रभसिमरन ने मैच के दौरान 6 चौके और 7 छक्के भी लगाए। बारिश की संभावनाओं के बीच शुरू हुए मैच में दर्शकों की संख्या थोड़ी कम रही। टॉस के दौरान स्टेडियम 50 फीसदी तक ही पैक था। वहीं जैसे-जैसे मैच बढ़ता गया, तो दर्शकों की संख्या भी बढ़ती गई। इसके बाद स्टेडियम लगभग पैक हो गया।
धर्मशाला में होटल पैक, मैक्लोडगंज में 70 फीसदी ऑक्यूपेंसी
आईपीएल मैच के चलते वीकेंड पर होटल कारोबारियों के चेहरे खिल गए। शनिवार और रविवार को धर्मशाला के होटल पैक रहे। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में 70 से 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही। रविवार दोपहर में होटलों में करीब 30 फीसदी ही बुकिंग हुई थी। रात को मैच समाप्ति के बाद धर्मशाला के होटल पैक होने के बाद पर्यटकों ने मैक्लोडगंज की ओर रुख किया। वहां होटलों में 70 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। इसके अलावा बाहरी राज्यों से घूमने के लिए आए पर्यटकों ने पालमपुर सहित अन्य क्षेत्रों की ओर भी रुख किया। होटल एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि रविवार को अच्छा कारोबार रहा। धर्मशाला में होटल पैक होने के चलते मैक्लोडगंज में भी 70 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। अब 8 और 11 मई को होने वाले आईपीएल मैचों में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ेगी। इसके लिए एडवांस बुकिंग के लिए बाहरी राज्यों के पर्यटक संपर्क साध रहे हैं।


