नारकंडा सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी, भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दरकी पहाड़ी

Date:

आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला के कुफरी, नारकंडा सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं शिमला में बारिश के साथ बर्फ के फाहे गिरे। मंगलवार सुबह अचानक बिगड़े माैसम से ठिठुरन बढ़ गई है। नारकंडा में बर्फबारी से मंगलवार सुबह वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सड़क से बर्फ को हटा दिया गया है। हालांकि, सुबह करीब 10:30 बजे के बाद धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लाहाैल-कुल्लू जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रात को फिर बर्फबारी हुई है।

उधर, भरमौर-पठानकोट हाईवे पर अचानक पहाड़ी दरकने से टनों के हिसाब से पत्थर और मलबा हाईवे पर आकर गिरा। इससे देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे बंद होने से छोटे-बड़े वाहनो की लंबी कतार लग गई। इससे बोर्ड परीक्षा देने के लिए जा रहे विद्यार्थियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने माैके पर पहुंचकर मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू किया।

आगामी दिनों में ऐसा रहेगा माैसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 4 मार्च को भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। 5 से 8 मार्च पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। 9 और 10 मार्च को कुछ स्थानों पर फिर बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई तथा कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3-11 डिग्री सेल्सियस कम रहा। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

लाहौल में बर्फबारी, कुल्लू में हुई बारिश

जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी और कुल्लू में बारिश का सिलसिला सोमवार रात को भी जारी रहा। बर्फबारी से लाहौल में जनजीवन अभी भी पटरी पर नहीं लौटा है। बिजली व सड़कें ठप हैं। हालांकि, मनाली-केलांग सहित अटल टनल नॉर्थ पोर्टल से दालंग तक सड़क फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल हो गई है। मंगलवार सुबह 11:00 बजे के बाद धूप खिलने से कुल्लू में लोगों ने राहत की सांस ली।

भारी बारिश से जसौरगढ के मधुवाड़ गांव में दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त

भारी बारिश के चलते चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत जसौरगढ के गांव मधुवाड़ में दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया। दो मंजिला मकान के निचले तल पर दुकान और ऊपरी मंजिल में प्रभावित परिवार रहता है। मूसलाधार बारिश के बाद बदले हालातों को देखते हुए परिवार अपने दूसरे मकान में रहने के लिए चला गया और आधा सामान भी निकाल लिया। सोमवार रात को भूस्खलन की चपेट में आने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत, ये रही कि समय पर परिवार के सदस्य दूसरे मकान में रहने के लिए चले गए थे। प्रभावित पृथी सिंह ने कहा कि किसी ने उनकी सुध नहीं ली। पंचायत प्रतिनिधि समेत स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में अवगत करवाया गया है।

न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 4.0, सुंदरनगर 8.2, भुंतर 4.4, कल्पा -1.2, धर्मशाला 4.3, ऊना 7.4, नाहन 10.3, केलांग -4.4, पालमपुर 6.0, सोलन 7.0, मनाली 0.2, कांगड़ा 9.5, मंडी 9.5, बिलासपुर 9.8, चंबा 9.2, डलहाैजी 3.0, जुब्बड़हट्टी 7.4, कुकुमसेरी -5.2, भरमाैर 1.7, सेऊबाग 4.2, बरठीं 9.2, सराहन 0.7, पांवटा साहिब 13.0, देहरा गोपीपुर 8.0 व ताबो में -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किन्नाैर में बर्फबारी के बीच विद्यार्थियों ने दी बोर्ड परीक्षा

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। जनजातीय क्षेत्र जिला किन्नौर और रामपुर में बर्फबारी व खराब माैसम के बीच विद्यार्थियों में परीक्षा के लिए उत्साह दिखा। जिला किन्नौर में सुबह से बर्फबारी होने के बाद भी बच्चों उत्साह और जोश के साथ परीक्षा सेंटर पहुंचे और परीक्षा देने के बाद बच्चों आपस में चर्चा करते हुए दिखे। जिला किन्नौर में बर्फबारी अधिक होने पर भी सभी बच्चें समय पर पहुंचे और सुचारू रूप से परीक्षा का संचालन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related