आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
उपमंडल रामपुर की दुर्गम पंचायत काशापाट के सारी गांव में सिलेंडर फटने से महिला झुलस गई है। आग की चपेट में आने से रसोई और इसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन ने पीडि़त परिवार को फौरी राहत प्रदान कर दी है। जानकारी के मुताबिक, उपतहसील तकलेच की काशापाट पंचायत के प्रधान ने बताया कि पंचायत के पाट गांव सारी में नंद लाल, पुत्र स्व. माधु राम की रसोई आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि उसकी पत्नी इस आग में झुलस गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह नंद लाल की पत्नी ब्रेस्ती देवी रसोईघर में काम कर रही थी। इस दौरान सिलेंडर फटने से अचानक जोरदार धमाका हुआ और रसोईघर में आग भडक़ गई।
इस घटना में ब्रेस्ती देवी आंशिक रूप से झुलस गई । हादसे के दौरान महिला के मुंह पर जख्म आए है। देखते ही देखते आग से रसोई में रखा सारा सामान जल गया। घायल महिला ब्रेस्ती देवी को उपचार के लिए तकलेच अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर के खनेरी अस्पताल रैफर किया गया है। पंचायत प्रधान काशापाट पुष्पा सनाटू ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। नायब तहसीलदार तकलेच अनमोल शर्मा ने बताया कि सिलिंडर फटने से रसोईघर जल गया है। प्रशासन की ओर से पीडि़त परिवार को दस हजार की फौरी राहत जारी की गई है।


