आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हर साल हिल्स क्वीन शिमला आने वाले हजारों सैलानियों को अब गाड़ी खड़ी करने के लिए शहर में नहीं भटकना पड़ेगा। शहर में पहुंचने से पहले ही सैलानी अपनी गाड़ी के लिए पार्किंग बुक करवा सकेंगे। इसके लिए राजधानी में बनी दो पार्किंग को स्मार्ट पार्किंग में बदला जा रहा है। नगर निगम जर्मनी की कोको पार्क कंपनी के साथ मिलकर दिवाली से पहले ही यह नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसके तहत पार्किंग की अब ऑनलाइन बुकिंग हो सकेगी। पायलट आधार पर इस सुविधा को शुरू करने के लिए शहर की लिफ्ट और ढली पार्किंग को चिन्हित किया गया है।
लिफ्ट पार्किंग में 700 तो ढली पार्किंग में 150 वाहनों को पार्क करने की सुविधा है। योजना सफल रही तो शहर की बाकी पार्किंग में भी इसे लागू किया जाएगा। ढली और लिफ्ट पार्किंग में जल्द ही सीसीटीवी कैमरों समेत आनलाइन सिस्टम स्थापित होगा। इसके अलावा तारादेवी में बने शहर के प्रवेशद्वार पर भी बड़ी एलईडी स्क्रीन लगेगी। यह स्क्रीन शिमला में बनी इन दोनों पार्किंग से ऑनलाइन जुड़ेगी। इन पार्किंग में कुल कितनी गाड़ियां खड़ी हैं और कितनी पार्किंग खाली है, इसकी सटीक जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी। ऐसे में चंडीगढ़ से शिमला आने वाले सैलानियों को तारादेवी पहुंचते ही पता चल जाएगा कि शहर में किस पार्किंग में जगह खाली है।
शिमला पहुंचने से पहले ही पार्किंग बुक करवा सकेंगे सैलानी
Date:


