प्रदेश में 43 फीसदी बंदरों की ही हो पाई नसबंदी, 57 फीसदी अब भी मुक्त
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल में बंदरों की नसबंदी पर 28 करोड़ रुपए की मोटी रकम अब तक खर्च हो चुकी है। इस भारी भरकम बजट से एक लाख 86 हजार 501 बंदरों की नसबंदी हो पाई है। वन्य प्राणी विभाग ने 17 साल पहले इस प्रोजेक्ट को लांच किया था और अभी तक 43 फीसदी बंदरों की ही नसबंदी हो पाई है, जबकि 57 फीसदी बंदर अब भी बिना नसबंदी हैं और इस लंबे अरसे में नसबंदी से छूटे बंदरों की वजह से इनकी आबादी लगातार बढ़ रही है। अभी तक राज्य के शत-प्रतिशत बंदर इस योजना के दायरे में नहीं आ पाए हैं। 2019 में आखिरी बार वन्य प्राणी विभाग ने बंदरों की गिनती पूरी की थी। वन्य प्राणी विभाग एक बंदर की नसबंदी पर डेढ़ से दो हजार रुपए खर्च कर रहा है। वन्य प्राणी विभाग ने इस प्रोजेक्ट को लांच करने से ठीक पहले वर्ष 2004 में बंदरों की गिनती की थी। उस समय प्रदेश में बंदरों की तादाद तीन लाख 17 हजार थी।
इसके बाद वन्य प्राणी विभाग ने 2019 में अभियान के बीच बंदरों की गिनती पूरी की तो यह संख्या एक लाख 36 हजार पर ठहर गई। जबकि नसबंदी का अभियान 2007 में शुरू किया गया था। इसके लिए वन्य प्राणी विभाग ने सात नसबंदी केंद्र स्थापित किए थे। लेकिन इन नसबंदी केंद्रों का भी ज्यादा फायदा विभाग नहीं उठा पाया है। हाल के वर्षों में बंदरों की तादाद शहरी क्षेत्रों में ज्यादा बढ़ी है। बड़ा सवाल अब भी यही है कि जीरो से 43 फीसदी पहुंचने में विभाग को 17 साल लग गए, तो 100 फीसदी तक पहुंचने में कितना समय लगेगा। इस अवधि के दौरान बिना नसबंदी के घूम रहे 57 फीसदी बंदरों को नियंत्रित करने के लिए वन्य प्राणी विभाग के पास क्या योजना रहेगी।
मुख्य अरण्यपाल बोले; बंदरों को मारेंगे नहीं, नसबंदी करेंगे
प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्यप्राणी विभाग अमिताभ गौतम ने बताया कि बंदरों को सार्वजनिक जगह खाना डालना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसा करते पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। प्रदेश के सभी शहरी इलाकों में वन्य प्राणी विभाग की तरफ से पत्र जारी किए हैं। बंदरों पर काबू पाने के लिए आगामी समय में स्थानीय लोगों और संस्थाओं की भी मदद ली जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में 73 बर्फानी तेंदुए
वन्य प्राणी विभाग बर्फानी तेंदुए की तादाद का पता लगा रहा है। इसके लिए विशेष कैमरे स्थापित किए हैं। बर्फानी तेंदुए की पहली गिनती वन्य प्राणी विभाग ने 2019 में पूरी की थी। उस समय प्रदेश में तेंदुए की तादाद 51 से 73 के बीच पाई गई थी, जबकि इसके बाद बीते पांच सालों में संख्या बढऩे की संभावना जागृत हो गई है। इसके अलावा वन्य प्राणी विभाग भूरे भालू की गिनती भी कर रहा है। साल के अंत तक भूरे भालू की गिनती पूरी करने की संभावना जताई है।


