सराज के जंजैहली को विकसित करने के लिए बनाई जाएगी अलग से पॉलिसी
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब सड़क निर्माण के लिए गिफ्ट डीड के तहत दी जाने वाली जमीन पर तब तक सड़क नहीं बनाई जाएगी, जब तक उस जमीन की म्यूटेशन नहीं हो जाती। इस बात की जानकारी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में दी। वे यहां सराज टैलेंट एवं टूरिज्म फेस्टिवल के शुभांरभ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिन लोगों ने सड़क निर्माण के लिए अपनी जमीन गिफ्ट डीड के तहत फ्री में दी है वे लोग कोर्ट के माध्यम से उसका मुआवजा मांग रहे हैं। कोर्ट के आदेशों पर सरकार को यह मुआवजा देना पड़ रहा है, जिससे प्रदेश सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पहले की सरकारों के समय प्रदेश के अधिकतर गांवों में लोक निर्माण विभाग द्वारा गिफ्ट डीड के तहत दी गई जमीनों पर सड़कें निकाली गई हैं।
लेकिन कई सालों बाद अब लोग इस गिफ्ट डीड से साफ इनकार करते हुए मुआवजे के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं। इस तरह के मामले आने के बाद सरकार ने सीख ली है और अब गिफ्ट डीड की गई जमीन पर बिना म्यूटेशन के सड़क नहीं बनाई जाएगी। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी आदेश जारी किए गए हैं।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस साल भी लाखों पर्यटक यहां पहुंचे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी भी बढ़ी है। इस क्षेत्र के लिए अलग से पॉलिसी बनाई जाएगी, ताकि कुल्लू-मनाली की तरह इस क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा सके।


