द्विपक्षीय संबंध बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने मिलाया हाथ, डिजिटल प्रौद्योगिकी सहित चार एमओयू साइन
संसद पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत
कहा, हम भारत में भी बनाना चाहते हैं कई सिंगापुर
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
भारत और सिंगापुर ने गुरुवार को अपनी रणनीतिक साझीदारी को समग्र रणनीतिक साझीदारी का रूप देने के साथ चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए, जिनसे दोनों देशों के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम साझीदारी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, शैक्षिक सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के बीच द्विपक्षीय बैठक में इन समझौतों पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान किया गया। दोनों नेताओं ने सिंगापुर शहर में मुलाकात की और अपने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई। इससे पहले श्री लॉरेंस वोंग की मौजूदगी में सिंगापुर की संसद में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने अपने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की।
बैठक में दोनों देशों के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम साझीदारी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, शैक्षिक सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने वाले चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। बैठक के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि सिंगापुर केवल एक साझीदार देश नहीं है। सिंगापुर, हर विकासशील देश के लिए एक प्रेरणा है। हम भी भारत में अनेकों सिंगापुर बनाना चाहते हैं। यह खुशी की बात है कि हम इस दिशा में मिलकर प्रयास कर रहे हैं। हमारे बीच जो मंत्रिस्तरीय राउंडटेबल बनी है, वो एक अनूठी प्रणाली है। कौशल विकास, डिजिटलाइजेशन, मोबिलिटी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे, सेमीकंडक्टर और आर्टफीशियल इंटेलीजेंस, स्वास्थ्य, सातत्य, और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की दिशा में पहलों की पहचान की गई है।
सेमीकंडक्टर कंपनी एईएम का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के पीएम के साथ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में सिंगापुर की अग्रणी कंपनी एईएम का गुरुवार को दौरा किया। इस दौरान श्री मोदी को वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में एईएम की भूमिका, इसके संचालन और भारत के लिए कंपनी की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। सिंगापुर सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री एसोसिएशन ने सिंगापुर में सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और भारत के साथ सहयोग के अवसरों पर जानकारी साझा की। इस क्षेत्र की कई अन्य ङ्क्षसगापुरी कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


