कांग्रेस ने बनाई कमेटी, सीट शेयरिंग के मद्दे पर आप नेताओं से करेंगे बात
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पहले कांग्रेस और भाजपा की तरह आम आदमी पार्टी ने भी अपने दम पर हरियाणा में विधानसभा चुनाव लडऩे का ऐलान किया था, मगर अब ऐसा लग रहा है कि धीरे-धीरे आप की मंशा बदल रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि आने वाले हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस और आप हाथ मिला सकते हैं। खबरों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के बीच एक सैद्धांतिक समझौता हो गया है, लेकिन अब सीटों के बंटवारे पर बात बननी बाकी है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को देखने के लिए कांग्रेस ने एक कमेटी बनाई है। यह कमेटी राज्य में गठबंधन से संबंधित तमाम पहलुओं को देखेगी और पार्टी हाई कमान को एक रिपोर्ट सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर संभावित रूप से तय होगा कि आप को राज्य विधानसभा चुनाव में कितनी सीटें दी जा सकती हैं।
आम आदमी पार्टी ने राज्य में 10 सीटों की मांग रखी है, लेकिन कांग्रेस सात सीटें देने के पक्ष में है। दीपक बाबरिया, दीपेंद्र हुड्डा और अजय माकन समिति का हिस्सा होंगे और वे सीट शेयरिंग के मुद्दे पर आप नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। वे उन 12 सीटों पर भी नजर रखेंगे और उन पर चर्चा करेंगे, जहां कांग्रेस के भीतर इस बात को लेकर खींचतान चल रही है कि उन सीटों पर उम्मीदवार कौन होने चाहिए। हरियाणा विधानसभा चुनावों में बीजेपी से सत्ता छीनने की कांग्रेस की कोशिशों में कार्य समिति की पहली बैठक महज एक शुरुआती वार्म अप साबित हुई थी।
तीन से पांच राउंड की बातचीत आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के साथ पार्टी नेताओं की तीन-पांच राउंड की बातचीत हुई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के साथ बैठकें की हैं। अब माना जा रहा है कि वेणुगोपाल बुधवार को भी आप सांसद के साथ बैठक कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि गठबंधन पर आखिरी फैसला अरविंद केजरीवाल करेंगे।


