जयराम रमेश ने पूछा, कांग्रेस की गारंटी हाईजैक करवाएगा केंद्र
आवाज जनादेश/ न्यूज ब्यूरो शिमला
जातीय जनगणना पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्टैंड के बाद इस पर सियासी संग्राम और तेज हो गया है। जातिगत जनगणना पर आरएसएस की टिप्पणी के एक दिन बाद कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार से सवाल किए। पार्टी ने पूछा, जातिगत जनगणना पर आरएसएस ने ‘हरी झंडी दे दी है, तो क्या सरकार कांग्रेस की एक और गारंटी को ‘हाईजैक कर अब जातिगत जनगणना कराएगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरएसएस की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जातिगत जनगणना को लेकर आरएसएस की बातों से कुछ बुनियादी सवाल उठते हैं, जैसे कि क्या उसके पास जातिगत जनगणना पर निषेधाधिकार है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जाति जनगणना के लिए इजाजत देने वाला आरएसएस कौन है। आरएसएस जब यह कहता है कि चुनाव प्रचार के लिए जाति जनगणना का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए तो इससे उसका क्या मतलब है। क्या यह न्यायाधीश या अंपायर बनना है। जातिगत जनगणना को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय का रास्ता है। जातीय जनगणना सबका साथ सबका विकास का रास्ता है। जातीय जनगणना से समाज जुड़ेगा, बटेगा नहीं और जिन लोगों ने समाज को बांटने का काम किया है जब वे लोग कहने लगे की इससे समाज में दूरियां बढ़ेंगी ये तो वही बात हो गई कि उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।
मोहन भागवत का समर्थन, एनडीए गठबंधन कराएगा जनगणना
जातीय जनगणना को लेकर अब यूपी सरकार में भाजपा की सहयोगी सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा किया है। राजभर ने कहा है कि एनडीए गठबंधन के नेतृत्व में जातीय जनगणना होगी। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जातीय जनगणना की बात कही है। हम उनका समर्थन करते हैं। राजभर ने कहा कि जातीय जनगणना का मकसद है कि उन जातियों की गिनती हो, जो कमजोर जातियां हैं, जिन्हें शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार नहीं मिला है। उनकी गिनती हो उनको बेहतर जीवन जीने क लिए सरकार से जो सुविधा मिलती है वो उन्हें मिले।लालू यादव का तंज, कान पकडक़र करवाएंगे जातिगत जनगणना राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को जाति जनगणना कराने के लिए विपक्ष मजबूर करेगा। एक्स पर एक पोस्ट में, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ‘आरएसएस, बीजेपी के लोगों के कान पकड़ेंगे, उनसे उठक-बैठक करवाएगा और जाति जनगणना करवाएगा। श्री यादव की टिप्पणी आरएसएस के एक बयान के मद्देनजर आई है, जो इस मुद्दे पर अपना रुख नरम करता दिख रहा है। श्री यादव ने कहा कि हम आरएसएस, बीजेपी के कान पकड़ेंगे, उठक-बैठक करवाएंगे और जाति जनगणना कराएंगे. उनके पास क्या अधिकार है कि वे जाति जनगणना नहीं कराएंगे? हम उन्हें इतना मजबूर कर देंगे कि उन्हें करना ही पड़ेगा। लालू प्रसाद ने एक्स पर हिंदी में पोस्ट किया, ‘दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और गरीबों के लिए एकता दिखाने का समय आ गया है।


