महबूबा का आयोग पर आरोप, निष्पक्ष चुनाव की जताई उम्मीद
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों की मतगणना तारीख में चुनाव आयोग ने शनिवार को बड़ा बदलाव किया। पहले जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के विधानसभा चुनावों की मतगणना चार अक्तूबर को होने वाली थी, जिसकी तारीख को बढ़ाकर अब 8 अक्तूबर कर दिया गया है। चुनाव आयोग के इस फैसले की पीपुल्स डेमोके्रटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने निंदा की है। उन्होंने रविवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भाजपा के इशारे पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की मतगणना की तारीख बदली है।
मुफ्ती ने श्रीनगर में कहा कि वे (निर्वाचन आयोग) वही करते हैं जो भाजपा के अनुकूल होता है। मुझे उम्मीद है कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी कर्मचारी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
हुर्रियत नेता सैयद सलीम गिलानी पीडीपी में शामिल
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों से ठीक पहले रविवार को अलगाववादी नेता और हुर्रियत सदस्य सैयद सलीम गिलानी पीडीपी में शामिल हुए। पीडीपी कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने उनका स्वागत किया। गिलानी ने पीडीपी में शामिल होने के बाद कहा कि पीडीपी ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक अधिकारों, मानवाधिकारों और लोगों के राजनीतिक अधिकारों की बात करती है। यह कश्मीर समस्या के राजनीतिक समाधान की बात करती है।


