आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
डिफेंडिंग चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच यूएस ओपन के तीसरे राउंड में पहुंच गए हैं। जोकोविच को दूसरे राउंड के मैच में वॉकओवर मिला। दूसरे राउंड में सर्बिया के ही लास्लो जेरे चोट की वजह से रिटायर हो गए। यह मैच जोकोविच ने 6-4, 6-4, 2-0 से जीता। यह जोकोविच की यूएस ओपन में 90वीं जीत रही। जोकोविच इस जीत के साथ सभी चार ग्रैंड स्लैम में 90 से ज्यादा मैच जीतने वाले पहले टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं। 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन जोकोविच का चौथे दौर में मुकाबला शुक्रवार को 28वीं सीड एलेक्सी पोपिरिन से होगा।
जेरे पिछले साल यूएस ओपन में जोकोविच के खिलाफ एक सेट जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। जोकोविच ने पहले दौर में माल्डोवा के राडू अल्बोट को 6-2, 6-2, 6-4 से हराया। विंबलडन चैंपियन बारबोरा क्रेसिकोवा अमरीकी ओपन के दूसरे दौर में एलेना गैब्रियेला रूसे से 4-6, 5-7 से हारकर बाहर हो गई। आठवीं सीड क्रेसिकोवा ने पेरिस ओलिंपिक के बाद कोई मैच नहीं खेला था। रूसे का सामना अब 26वीं सीड पाउला बाडोसा से होगा। बाडोसा ने अमरीका की टेलर टाउनसेंड को 6-3, 7-5 से मात दी।
शेल्टन से भिड़ेंगे टियाफो
मेन्स सिंगल्स में फ्रांसिस टियाफो ने एलेक्जेंडर शेवचेंको को 6-4, 6-2, 1-0 से हराया। अब टियाफो का सामना बेन शेल्टन से होगा। 13वीं सीड शेल्टन ने रॉबर्टो बतिस्ता एगुट को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया।


