आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूख अब्दुल्ला द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन की घोषणा के एक दिन बाद एनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कुछ सीटों पर अभी सहमति नहीं बनी और उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है। कुलगाम जिला की दमहल हांजी पोरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाली पार्टी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री सकीना इटू के साथ श्री उमर ने मीडियाकर्मियों से कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर आम सहमति काफी हद तक सुलझ गई है, लेकिन कुछ सीटों पर फैसला होना बाकी है।
उन्होंने बताया कि 90 विधानसभा सीटों में से अधिकांश पर आपसी सहमति बन गई है, लेकिन कुछ सीटों पर असहमति बनी हुई है। श्री उमर ने कहा कि हम कुछ सीटों पर अड़े हुए हैं, कांग्रेस कुछ पर अड़ी हुई है और स्थानीय नेताओं की भी अपनी प्राथमिकताएं हैं।


