भाजपा ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा, जिसके चलते विधानसभा उपचुनाव की स्थिति उत्पन्न हुई।
आवाज़ जनादेश/शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा नेताओं को प्रदेश और यहां के लोगों के हितों के लिए केंद्र की परियोजनाओं में अड़ंगे नहीं डालने चाहिए। उन्होंने फिर दोहराया कि राज्य की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। भाजपा ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा, जिसके चलते विधानसभा उपचुनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। कांग्रेस ने जनता के सामने भाजपा के षड्यंत्र का पर्दाफाश किया, जिस कारण कांग्रेस को जनादेश मिला।
सोमवार को सुक्खू ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों का संख्या बल एक बार फिर 40 हो गया है। भाजपा के षड्यंत्र के कारण प्रदेश में चार माह तक विकासात्मक कार्य बाधित हुए। उन्होंने भाजपा के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें नकारात्मक राजनीति त्यागकर प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार को सहयोग देना चाहिए। वर्तमान प्रदेश सरकार ने सरकारी क्षेत्र में 28 हजार नौकरी के अवसर सृजित किए हैं, जबकि पिछली भाजपा सरकार ने पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान केवल 20 हजार नौकरियां सृजित की थीं, जिनमें से अधिकतर मामले कानूनी दांवपेच में फंस गए थे।
सरकार अच्छा काम करेगी तो साथ, मनमानी पर उठाएंगे आवाज ः जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अच्छा काम करेगी तो भाजपा साथ है, लेकिन मनमानी करने पर सरकार के खिलाफ आवाज भी उठाएगी। उसके हर गलत फैसले पर उन्हें टोकेगी और रोकेगी भी। जरूरत पड़ने पर सड़क से सदन तक लोगों के हितों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस की ओर से दी गईं चुनावी गारंटियों को पूरा करने का काम करें। प्रदेश के लोग सरकार से राहत का इंतजार कर रहे हैं। विधानसभा में विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयराम ने कहा कि विपक्ष का यह काम है कि सरकार को सही रास्ते पर रखे। उसके हर जनविरोधी काम और तानाशाही भरे फैसले का डटकर विरोध करे। आपदा से प्रभावित परिवारों को अभी तक राहत नहीं मिली है। युवा परीक्षाओं के लंबित परिणाम जारी करने के लिए चयन आयोग के गेट पर धरना दे रहे हैं।


