धर्मपुर (मंडी)
धर्मपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी भाजपा व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में वर्तमान सरकार द्वारा किए गए 46 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर स्थानीय विधायक से श्वेत पत्र जारी करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में स्थानीय विधायक द्वारा यह दावा किया गया है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में धर्मपुर के अस्पतालों पर अभी तक 46 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि पूर्व की भाजपा सरकार ने केवल चवालीस 44क़रोड़ ही खर्चे,लेकिन धरातल पर अस्पतालों की स्थिति इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है।
रजत ठाकुर ने कहा कि यदि स्थानीय विधायक के दावे सही हैं तो जनता के सामने यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि अस्पतालों के लिए जारी की गई राशि और खर्च की गई करोड़ों रुपये की राशि आखिर कहां और किन कार्यों पर खर्च हुई। उन्होंने कहा कि धर्मपुर अस्पताल में इस सरकार में एक रुपये का काम इन तीन सालों में नहीं हुआ जो दूसरा ब्लॉक बनना था उसे भी बंद करवा दिया गया है और संधोल के अस्पताल में भी जो काम हुआ है वो पिछली सरकार के समय में ही हुआ है जबकि इन तीन सालों में वहाँ कोई काम नहीं हुआ है ऐसा ही मण्डप के 50 बिस्तरे वाले अस्पताल का काम भी पिछले तीन साल से बंद है।उन्होंने मांग की कि प्रत्येक अस्पताल के लिए स्वीकृत राशि, जारी धनराशि, खर्च की गई राशि तथा करवाए गए कार्यों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर अस्पताल में लंबे समय से प्रस्तावित दूसरे ब्लॉक का निर्माण आज दिन तक पूरा नहीं हो पाया है। अस्पताल के विस्तार को लेकर लोगों को लगातार उम्मीदें दिखाई गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसी तरह मंडप अस्पताल का निर्माण कार्य भी रुका पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।टिहरा और मढ़ी अस्पताल का भी अस्सी प्रतिशत काम पूर्व की सरकार के कार्यकाल में हुआ था परन्तु अभी तक भी उन अस्पतालों का जनता को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य अस्पतालों की स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। कई स्थानों पर आधारभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में विधानसभा में करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा लोगों के बीच सवाल खड़े करता है।
रजत ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा विषय हैं। सरकार को इस मामले में केवल बयानबाजी करने के बजाय धरातल पर हुए कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में यदि वास्तव में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं तो उन पैसों से कौन-कौन से निर्माण कार्य हुए, किन सुविधाओं का विस्तार किया गया और कितनी राशि किस मद में खर्च हुई, इसका पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। ऐसा तो नहीं है कि यह राशि भी कागजों में ही खर्च कर दी गई है। यह भी जांच का विषय है ।
उन्होंने स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जनता को गुमराह करने और केवल विधानसभा में झूठे आंकड़े प्रस्तुत करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि विधायक लोगों को मूर्ख बनाना बंद करें और अस्पतालों पर खर्च किए गए पैसे का पूरा हिसाब जनता के सामने रखें।
रजत ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है और इसके लिए अस्पतालों में भवनों, चिकित्सकों, स्टाफ क्वार्टर तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित अस्पताल संधोल और मण्डप के निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाए और स्वास्थ्य संस्थानों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक बजट उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से अस्पतालों पर खर्च की गई राशि का पारदर्शी एवं विस्तृत ब्यौरा मांगती रहेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार यदि अपने दावों को लेकर गंभीर है तो बिना किसी देरी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये का श्वेत पत्र जारी करे।
धर्मपुर के अस्पतालों पर खर्च किए (छयालिस) 46 करोड़ का श्वेत पत्र जारी करे विधायक : रजत ठाकुर
Date:


