दैनिक आवाज जनादेश/सुनीता गोयल /रेवाड़ी
एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खोरी में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन देशभक्ति के उत्साह और सांस्कृतिक विविधता के संग सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खोरी राजकीय विद्यालय के प्राचार्य ब्रह्मप्रकाश एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में खोरी गांव के सरपंच एवं प्रतिनिधि सत्यवीर तथा क्षेत्र के पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य जवाहर लाल दुहन ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, बलिदान और एकता का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने जोशीले और प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्ले स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। समारोह के दौरान सरपंच एवं प्रतिनिधि श्री सत्यवीर तथा पूर्व सैनिकों का विशेष रूप से सम्मान किया गया। अंत में प्राचार्य जवाहर लाल दुहन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।


