15 में से केवल 3 बागबानी प्रसार अधिकारी, विकास अधिकारी की आठ पोस्टें खाली
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
जिला ऊना में बागबानी विभाग खुद कर्मचारियों की समस्या से जुझ रहा है। ऊना में कैसे बागबानी किसानों का विकास होगा, उद्यान विभाग स्वयं बिना कर्मचारियों के लड़ाई लड़ रहा है। मौजूदा समय में उद्यान विभाग ऊना में 50 प्रतिशत से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे है। सरकार द्वारा जिला ऊना में उद्यान विभाग के कुल 66 पद स्वीकृत किए हैं, लेकिन इन 66 पदों में सिर्फ 29 पदों पर ही स्टाफ अधिकारी व कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। 37 पद रिक्त चल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि विभाग के जिला उपनिदेशक कार्यालय में ही एक दर्जन से अधिक पद रिक्त पड़े हुए हैं। इसके अलावा जिला के सभी ब्लॉक में बागबानी प्रसार अधिकारी, एचडीओ, एचईओ, बेलदार आदि के पदों का टोटा हैं।
एक तरफ प्रदेश सरकार जिला ऊना के बागबानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए विभिन्न स्कीमों को शुरू कर उन्हें लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही है तो दूसरी तरफ इन स्कीमों को बागबानों तक पहुंचाने वाला स्टाफ की नहीं है। बागबानी प्रसार अधिकारी के कुल 15 पद स्वीकृत हैं। जिसमें 12 पोस्टें रिक्त चल रही है। केवल तीन बागबानी प्रसार अधिकारी दो से तीन कार्यालयों के अतिरिक्त कार्यभार देख रहे है। इसी तरह उद्यान विकास अधिकारी (एचडीओ) के 11 पद स्वीकृत हैं। जिसमें आठ पद रिक्त पड़े हुए हैं। केवल तीन एचडीओ से काम चलाया जा रहा है। इसके अलावा एचईओ व बेलदार के पद खाली पड़े हुए हैं। वहीं बेलदारों व दक्ष माली के डेढ़ दर्जन के करीब पद खाली है। इन बेलदार व दक्ष माली के पदों पर तैनात कर्मचारियों का कार्य विभाग की नर्सरी में पौधों की कटिंग-क्रॉपिंग का कार्य होता है और कलम बनाकर नर्सरी में विभिन्न किस्मों के पौधों को तैयार करना होता है। क्योंकि इन कर्मचारियों के बिना बागवानी किसानों को बेहतर पौधे व कलमदार पौधे पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहे हैं। इसलिए जल्द से जल्द स्टाफ को भरा जाना चाहिए ताकि बागबानों को किसी भी प्रकार की समस्या न आए ताकि सुविधा मिल सके।
सुपरिंटेंडेंट का पद भी खाली
उद्योग विभाग के ऊना स्थित मुख्य कार्यालय में कई अधिकारी व कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हुए है। इसमें मुख्य पद सुपरिटेंड का पद भी रिक्त पड़ा हुआ है। ऐसे में कार्यालय का काम प्रभावित हो रहा है। हालांकि कागजों में उक्त पद भरा हुआ है, लेकिन अधिकारी की डयूटी किसी अन्य जिला में लगा दी गई है। अंब बागबानी विकास अधिकारी की पोस्ट भी जल्द हो जाएगी रिक्त चार माह बाद अंब बागबानी विकास अधिकारी सेवानिवृत हो रहे है। उनकी सेवानिवृति के बाद अंब में भी बागबानी विकास अधिकारी का पद खाली हो जाएगा। इसलिए परेशानी आएगी।
गगरेट विकास खंड खाली
गगरेट विकास खंड में कोई भी अधिकारी तैनात नहीं है। गगरेट विकास खंड के बागबानी विकास अधिकारी के पास ही इसका चार्ज हैं। गगरेट में बागबानी विकास अधिकारी, एचईओ, बेलदार के पद रिक्त पड़े हुए हैं। गगरेट के बागबानी किसानों को सरकारी स्कीमों का लाभ लेने के लिए परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में सहज ही अनुभव लगाया जा सकता है कि बिना स्टाफ बागबानों को सुविधाएं आखिर कैसे मिल पाएंगी। वहीं बागबानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पोस्टें भरी जाएं ताकि बागबानों को समय पर सारी सुविधाएं मिल सकें और परेशानी का सामना न करना पड़े।जिला ऊना में उद्यान विभाग के 66 पदों में से 37 पद खाली चल रहे हैं। स्टाफ पूरा करने के लिए इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। स्टाफ की कमी के कारण विभाग के कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं


