आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को सरकार ने दिवाली का तोहफा दे दिया। कर्मचारियों के खातों में सोमवार को वेतन और पेंशन आ गई। इसके अलावा कर्मचारियों व पेंशनरों के खातों में महंगाई भत्ते की किस्त भी आ गई। 75 साल से अधिक आयु वाले पेंशनरों के खातों में नए वेतनमान के लागू होने के बाद का शेष बचा एरियर भी पहुंच गया। इन कर्मचारियों की संख्या करीब 30 हजार है। यह 22.50 प्रतिशत शेष था।
मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
मुख्यमंत्री ने हाल ही में घोषणा की थी कि दिवाली से पहले सभी कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में 28 अक्तूबर को वेतन और पेंशन आ जाएगी। उन्होंने अन्य कर्मचारियों और अस्थायी कामगारों के लिए भी यह घोषणा की थी। शाम तक अन्य सभी निगम, बोर्ड और उपक्रम भी वेतन जारी करते रहे। आंगनबाड़ी वर्कर और इस तरह की कई श्रेणियों के खातों में भी उनका मानदेय पहुंचा।


