आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि पिछले दस वर्ष के दौरान भारतीय लोकतंत्र पर उसने जो हमले किए हैं उससे हमारा लोकतंत्र कमजोर हुआ है लेकिन अब धीरे धीरे उबरने लगा है। राहुल गांधी ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर पिछले 10 वर्षों के दौरान जो हमले हुए हैं उससे हमारा लोकतंत्र बहुत कमजोर हुआ है, लेकिन अब स्थिति बदलने लगी है और लोकतंत्र फिर पहले की स्थिति में लौटने लगा है। उन्होंने कहा “पिछले दस वर्षों में भारतीय लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और इसे बहुत कमजोर कर दिया गया है, लेकिन अब यह पहले की स्थिति में लौट रहा है। मुझे विश्वास है कि लोकतंत्र पर हो रहे हमले पर भारत जवाबी कार्रवाई करेगा।”
मोदी सरकार पर अपने तथा कांग्रेस पार्टी के साथ कठोर व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा “चुनाव से ठीक पहले हमारे बैंक खाते सील किए गए और हमने अपने बैंक खातों पर रोक लगने के बाद भी चुनाव लड़ा। मैं ऐसे किसी लोकतंत्र के बारे में नहीं जानता जहां ऐसा होता हो। चुनाव के दौरान, हमारे कोषाध्यक्ष ने कहा कि हमारे पास कोई पैसा नहीं है। भारतीय इतिहास में मानहानि के मामले में जेल की सजा पाने वाला मैं एकमात्र व्यक्ति हूं, मेरे खिलाफ 20 मामले हैं। हमारे पास एक मुख्यमंत्री हैं जो अभी जेल में हैं।


