शिमला। हिमाचल में विधानसभा चुनाव के 2022 के रण के लिए सियासी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस रण से पहले हिमाचल में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के भीतर ही सियासी चौपड़ पर पांसे और दांव चलना चलना शुरू हो गए हैं। नेताओं की गुपचुप बैठकें हो रहीं हैं और ताल ठोंकी जा रही है। इस बीच 2022 में मुख्यमंत्री की कुर्सी के दावेदारों को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हिमाचल की सियासत के प्रमुख ध्रुव वीरभद्र सिंह इन दिनों स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सियासी होड़ और मुख्यमंत्री की कुर्सी के दावेदारों की दौड़ में इस वक्त सबसे आगे आशा कुमारी का नाम लिया तो जा रहा है, लेकिन आशा कुमारी ने खुद बड़ा ऐलान करते हुए खुद को इस दौड़ से बाहर बताया है और वीरभद्र सिंह को ही मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है।