आवाज़ जनादेश
शिमला – देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने देश और प्रदेश में गैस सिलेंडर और रेल टिकट के मूल्य वृद्धि की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस महंगाई के दौर में केंद्र की भाजपा सरकार ने नए साल में प्रदेशवासियों के साथ-साथ देशवासियों को महंगाई का तोहफा दिया है। गैस सिलेंडर और रेल टिकट के मूल्यों में वृद्धि आम और गरीब लोगों के जीवन यापन पर बड़ा असर डालेगी। महंगाई के इस दौर में पहले ही लोगो का जीना मुश्किल हो गया है। राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश में महंगाई रोक पाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। केंद्र की मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। भाजपा की नीतियों ने देश को अस्त-व्यस्त करके रख दिया है। नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी के प्रस्ताव से देश मे अस्थिरता और गुस्से का माहौल है। भाजपा ने देश को आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा कर दिया है, जहां पर लोगों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है, जो देश की एकता और अंखडता के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है। राठौर ने कहा है कि आज देश के कई राज्यों में ऐसे हालात बन गए हैं, जहां पर धारा-144 के साथ-साथ इंटरनेट व दूरसंचार सेवाएं भी बंद करनी पड़ रही हैं। देश में आपातकाल जैसी स्थिति बन गई है। कांग्रेस नेताओं को अपने राज्य के साथ देश मे कहीं भी आने-जाने से रोका जा रहा है। कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार देश की समस्याओं को नजरअंदाज कर अपने एक गुप्त एजेंडे पर काम कर रही है। संविधान की मूल भावना को इस एजंडे के तहत तोड़ा मरोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के किसी भी गुप्त एजंडे और भारत देश की संविधान में निहित धर्मनिरपेक्षता को किसी भी स्तर पर आंच नहीं आने देगी।
न्यू ईयर पर मोदी सरकार ने दिया मंहगाई का तोहफा- कुलदीप राठौर
Date: