प्रकृति की सुरक्षा से ही दीर्घकालिक विकास सम्भव- डॉ. सैजल

Date:

ग्राम पंचायत बोहली में वन महोत्सव आयोजित

हिमाचल प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रकृति के साथ मनुष्य का सह अस्तित्व है तथा प्रकृति की सुरक्षा से ही दीर्घकालिक विकास सम्भव है। डॉ. सैजल आज 69वें वन महोत्सव के तहत सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोहली में वृत स्तरीय पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

आज के पौधरोपण कार्यक्रम में बोहली में तीन हैक्टेयर क्षेत्र में दाड़ू, आंवला, बहेड़ा तथा जामुन के 3300 पौधे लगाए गए। डॉ. सैजल ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

डॉ. सैजल ने कहा कि वृक्ष न केवल पृथ्वी पर सभी जीवों के सुरक्षित अस्तित्व अपितु शुद्ध वायु, शुद्ध जल तथा शुद्ध पर्यावरण के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वनों को सुरक्षित रखकर ही पृथ्वी को भावी पीढ़ीयों एंव अन्य जीव जंतुओं के निवास के लिए बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सत्त विकास के लिए मनुष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर रहना सीखना होगा। भारतीय संस्कृति एवं परम्परा वृक्षों की पूजा पर बल देती है। इसका मुख्य कारण प्रकृति की सुरक्षा ही है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि हिमाचल का साफ पर्यावरण समूचे उत्तर भारत के पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अहम है। हम जितना अधिक अपने प्रदेश में वनों को सुरक्षित रखेंगे तथा पौधरोपण करेंगे उतना ही पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे।

डॉ. सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम की सफलता के लिए युवा पीढ़ी की अधिक से अधिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित छात्रों का आह्वान किया कि वे न केवल पौधरोपण करें बल्कि रोपे गए पौधों की सुरक्षा का प्रण भी लें। उन्होंने कहा कि रोपा गया पौधा शिशु की तरह होता है तथा उचित सुरक्षा, पोषण एवं देखभाल से ही वृक्ष बन सकता है। उन्होंने कहा कि वन औषधीय पौधों का महत्वपूर्ण स्त्रोत हैं तथा इनका वैज्ञानिक दोहन स्वरोजगार का बेहतर जरिया बन सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष विभिन्न वन गतिविधियों पर 651 करोड़ रुपए व्यय कर रही है ताकि वनों से जीवन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

अरण्यपाल हर्षवर्धन कथूरिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा पौधरोपण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि 12, 13 तथा 14 जुलाई, 2018 को कार्यन्वित किए जा रहे पौधरोपण अभियान में प्रदेश में 15 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए राज्य में 590 स्थान चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग आज इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा। वन वृत सोलन के तहत सोलन तथा नालागढ़ वन मण्डलों में इस अवधि में विभिन्न प्रजातियों के 62,000 पौधे लगाए जा रहे हैं।

डॉ. सैजल की धर्म पत्नी डॉ. रेणु सैजल, बघाट बैंक के अध्यक्ष तथा जिला सोलन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता कपूर सिंह वर्मा, भाजपा मण्डल कसौली के महामंत्री हीरा नंद, सचिव कृपाल, जोगेन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशक सुरेन्द्र सयाल, जिला भाजपा सोलन के कोषाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर, उपाध्यक्ष धर्मेंन्द्र ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, ग्राम पंचायत बोहली की प्रधान कमलेश, वन मंडलाधिकारी आर.एस. जसवाल, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।

.0.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related