धर्मपुर (मंडी)। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सकलानी ने की। बैठक में खंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया तथा आगामी खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन, स्थान चयन और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तनेहड़ में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समौड़ का चयन किया गया।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने प्रतियोगिताओं को बेहतर एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर अपने सुझाव भी रखे। खेलकूद प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सुविधाओं, मैदान की उपलब्धता तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानाचार्य सिद्धपुर राजेंद्र बुराड़ी, प्रधानाचार्य समौड़ राम गुलाम पराशर, प्रधानाचार्य मढ़ी राजगोपाल, प्रधानाचार्य हयुण पैहड़ अजय कुमार सहित शारीरिक शिक्षक टेकचंद, ताराचंद, रमेश कुमार, धर्म सिंह, सीपन कुमार, विक्रांत, संजय, चमन लाल, मीना देवी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों से खंड स्तर पर आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों को गति मिलेगी। विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने प्रतियोगिताओं को खेल भावना और अनुशासन के साथ सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर भी सहमति जताई।
यह जानकारी राजकीय उच्च विद्यालय बनेरढ़ी के शारीरिक शिक्षक चंचल सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां संबंधित विद्यालयों द्वारा की जाएंगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर खेल मंच उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
14 वर्ष से कम आयु वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के स्थान तय
Date:


