आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
जर्मनी के डसेलडोर्फ शहर में आयोजित मेडिकल एक्सपो ‘मेडिका-2024’ में जर्मनी का मेडिकल एक्सपोर्ट ग्रुप हिमाचल में मेडिकल टेक्नोलॉजी क्लस्टर बनाने को तैयार हो गया है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान की अध्यक्षता में हिमाचल से गए प्रतिनिधमंडल के साथ जर्मन मेडिकल एक्सपोर्ट ग्रुप के अध्यक्ष फ्रेडहेलम किंगेनबर्ग ने यह इच्छा जताई। उद्योग मंत्री ने उन्हें हिमाचल आने का न्योता दिया है। इस मेडिकल एक्सपो में हिमाचल से गए दल ने जापान, कोरिया, इज़राइल, ताइवान, तुर्की और फ्रांस के डेलिगेशन के साथ मुलाकात की है। इन मुलाकातों में उद्योग मंत्री ने हिमाचल में स्थापित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क और बल्क ड्रग पार्क में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और इन देशों के प्रतिनिधियों को द्विपक्षीय मुलाकात के लिए दिल्ली या शिमला आमंत्रित किया।
बहुत से निवेशकों ने हिमाचल में मेडिकल सेक्टर से संबंधित वर्तमान इको सिस्टम को समझने के लिए हिमाचल आने पर अपनी सहमति जताई है। इससे पहले हिमाचल से गया यह दल कई नामी कंपनियों से राउंड टेबल सेशन भी कर चुका है। इनमें शाहजहांनंद मेडिकल, एचआरएस नेवीगेशन, कोलो जेनेसिस हैल्थ केयर, रिंग नैनो सिस्टम्स, बेसिक हेल्थकेयर, लाइफलाइन बिज़, शगुन केयर्स, इंडियन सर्जिकल इक्विपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, मिडमार्क, कानम लेटेक्स हिंदुस्तान सिरिंज एंड मेडिकल डिवाइसेज लिमिटेड, प्रीकोन मेडिटेक, एक्सलेंस मेडिकल टेक्नोलॉजी और एजीज लाइफ साइंसेज आदि शामिल थी। प्रतिनिधिमंडल में चार कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़, सुरेश कुमार, महेंद्र राजन और विनोद सल्तानपुरी भी शामिल हैं।


